बाराबंकी। मकदूमपुर मोहल्ले में एक किराने की दुकान में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
एक किराना की गुमटी में लगी आग की चपेट में आकर एक व्यक्ति की उसमें जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। न तो मृतक की पहचान हो सकी है और न ही आग लगने का कारण पता लग सका है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में मकदूमपुर में जसवंत वर्मा एक लोहे की गुमटी में किराना की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार की देर रात इस दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई व मामले की जानकारी पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई।
जिसके बाद पहुंचे फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने जब दुकान का मलबा हटाया तो देखा कि उसमें एक व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा है। आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराई गई लेकिन पता नहीं लग सका है। कोतवाल दिनेश सिंह का कहना है कि अज्ञात कारणों से दुकान में आग लगी और बाहर बैठे करीब 45 वर्षीय व्यक्ति की चपेट में आकर मौत हो गई है।
उन्होंने कहा मृतक की शिनाख्त करवाने के साथ ही आग लगने का कारण पता किया जा रहा है। कोतवाल ने कहा इस मामले की जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।