बाराबंकी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रस्तावित केंद्रों को लेकर आई आपत्तियों के बाद अब जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट के लोकसभागार में होगी।
जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के दौरान 116 केंद्र प्रस्तावित किए गए थे, जिन पर विभिन्न आपत्तियां और शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। कई कॉलेजों ने परीक्षा केंद्र न बनाए जाने का अनुरोध किया था, तो वहीं कुछ डिबार कॉलेज भी सूची में शामिल हो गए थे। हालांकि, कई विद्यालयों के केंद्र दूरस्थ बना दिए गए थे। इस संबंध में कुल 62 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं।
आपत्तियों के निस्तारण के लिए पूरे जिले में सभी 116 केंद्रों का तहसील स्तरीय कमेटी से दोबारा भौतिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद अब केंद्रों की अंतिम सूची को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को जिला समिति की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक शाम चार बजे जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डीआरडीए के लोक सभागार में होगी, जिसमें परीक्षा केंद्रों के अंतिम निर्धारण पर मुहर लगेगी। परीक्षा केंद्र बने कई विद्यालय सूची से बाहर होगे तो कई नए के शामिल होने की चर्चा है।
...................................
बोर्ड परीक्षा 2027 के प्रस्तावित केंद्रों के संबंध में प्राप्त आपत्तियों का तहसील स्तरीय कमेटियों से सत्यापन कराया जा चुका है। डीएम की अध्यक्षता में कल शाम चार बजे डीआरडीए सभागार में जिला समिति की बैठक होगी, जिसमें सभी आपत्तियों पर विचार कर परीक्षा केंद्रों का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
-अमिता सिंह, डीआईओएस