बाराबंकी। कोटेदार के पति ने कार्डधारकों को गुमराह करते हुए उनसे आधार कार्ड ले लिया। इसके बाद इनके आधार कार्ड पर खाद निकाली। संपूर्ण समाधान दिवस में मामला डीएम के सामने पहुंचा तो उन्होंने जांच के आदेश दिए। जांच में गड़बड़ी पकड़ में आने के बाद चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी कृषि और पूर्ति निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए। टीम ने गांव पहुंचकर जांच की और ग्रामीणों के लिखित बयान लिए। शिव कैलाश रावत और अन्य ने बताया कि राहुल नाम के व्यक्ति ने अंगूठा लगवाकर उर्वरक खारिज किया। जिला कृषि अधिकारी राजितराम ने बसौली गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बात की।
ग्रामीणों ने बताया कि सुनित मिश्रा, शुभम मिश्रा और राहुल वर्मा ने पहचान सत्यापन के नाम पर खाद खारिज की। उन्हें यह तब पता चला जब वह बरैया समिति पर खाद लेने गए। सचिव ने बताया कि उनके नाम से पहले ही खाद कट चुकी है। गांव में नाबालिग बच्चों के नाम भी खाद खारिज की गई थी। जिला कृषि अधिकारी ने विक्रेता के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
विक्रेता मनमोहन तिवारी ने बताया कि अप्रैल में उनकी बिक्री मशीन खराब थी। उनके कर्मचारियों ने बिना मशीन के यूरिया बेच दी थी। बाद में कर्मचारियों ने बसौली गांव में जाकर उर्वरक खारिज किया। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद मनमोहन तिवारी, सुनित मिश्रा, शुभम मिश्रा और राहुल वर्मा के खिलाफ मोहम्मदपुर खाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।