सैदनपुर। बदोसराय क्षेत्र के शहरी गांव में रविवार शाम खेत की रखवाली कर रहे किसान रमजान अली (63) की सांड़ के हमले में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे उनके पुत्र शिबू गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, रमजान अली अपने गेहूं के खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान एक सांड़ खेत में घुस आया। फसल को बचाने के लिए जब उन्होंने सांड़ को खदेड़ने का प्रयास किया तो वह उग्र हो उठा और किसान पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड़ ने रमजान अली को कई बार सींगों से उठाकर पटका। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पिता पर हमले की सूचना मिलते ही उनका पुत्र शिबू दौड़कर मौके पर पहुंचा। उसने साहस दिखाते हुए सांड़ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन उग्र सांड ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में शिबू को गंभीर चोटें आईं।
घटना की खबर फैलते ही गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड़ को खेत से खदेड़ा। हालांकि रमजान अली को तत्काल संयुक्त अस्पताल सिरौलीगौसपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल शिबू का उपचार जारी है। गांव में घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों की जान और फसल दोनों खतरे में हैं।
बदोसराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार दिनेश पांडेय ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मृतक किसान के परिजनों को शासन की ओर से निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।