बाराबंकी। धान खरीद के दूसरे दिन भी ज्यादातर केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। मंडी परिषद द्वारा खोले गए केंद्र पर बोरेे और श्रमिक उपलब्ध न होने की वजह से खरीद नहीं की जा सकी। यहीं हाल देवा के सलारपुर, हैदरगढ़, सफदरगंज मंडी और रामसनेहीघाट का रहा। केंद्र पर पहुंचे किसानों को सोमवार से टोकन जारी करने की बात कहकर वापस कर दिया गया।
जिले के 58 केंद्रों पर में 15 अक्तूबर से खरीद शुरू हुई है। दूसरे दिन शुक्रवार को भी ज्यादातर केंद्रों पर धान की खरीद शुरू नहीं हो सकी। नवीन मंडी में विपणन शाखा के केंद्र पर तौल हुई और मंडी परिषद के केंद्र पर बोरा और श्रमिक उपलब्ध न होने के चलते सोमवार से खरीद की जाएगी। पीसीएफ के केंद्र पर खरीद नहीं हो रही। इसके साथ ही सफदरगंज, हैदरगढ़, सलारपुर, रामसनेहीघाट आदि में केंद्रों पर पूरी तरह से सन्नाटा नजर आया। इन केंद्रों पर पहुंचे अशोक, रामसुुरेश, जयकरन, राजेश आदि ने बताया कि सोमवार को टोकन जारी करने के बाद ही धान की खरीद करने की बात कही गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी का कहना है कि जिन केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है वहां पर सोमवार से कराई जाएगी।