बाराबंकी। जिले में शुक्रवार को 853 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसमें से पांच शिक्षकों को प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान और अन्य को एक समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। 15 अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण-पत्र व नाम में खामियों के चलते नियुक्ति पत्र नहीं दिए गए।
जिले में 939 शिक्षकों का आवंटन किया गया था। इनमें 454 पुरुष व 414 महिला शिक्षकों ने काउंसिलिंग कराई। दोनों वर्ग में 71 शिक्षक अनुपस्थित रहे। काउंसिलिंग कराने वाले पांच शिक्षकों को एनआईसी में प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने नियुक्ति पत्र बांटे। शेष शिक्षकों को अयोध्या हाईवे पर पीएल मेेमोरियल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नियुक्ति-पत्र वितरित किए। एक हाल में 70 शिक्षकों को सोशल डिस्टेंसिंग के तहत बैठने का इंतजाम किया गया। अन्य कक्षों में दूसरे शिक्षक बैठाएं गए थे, जहां उनको नियुक्ति पत्र मिले तो उनके चेहरे खिल उठे। प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, सांसद उपेंद्र रावत, विधायक साकेंद्र वर्मा, बैजनाथ रावत, सतीश शर्मा, शरद अवस्थी, भाजपा के जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव व डीएम डा. आदर्श सिंह, प्रभारी एसपी आर एस गौतम, सीडीओ मेधा रूपम आदि ने नियुक्ति पत्र वितरित किए।