यूपी के बाराबंकी में भूमि विवाद के आदेश से आहत किसान ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। बेटे ने पूर्व तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एसडीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई करने की बात कही है।
विज्ञापन
मामला सिरौली गौसपुर तहसील क्षेत्र के परसा गांव का है। गांव निवासी किसान लल्लाराम का मामला गोंडा जिले के गुलवरिया गांव की महिला के साथ तहसीलदार न्यायालय में चल रहा था। आरोप है कि पूर्व तहसीलदार महिमा मिश्रा ने स्थानांतरण से ठीक पहले विपक्ष के पक्ष में जल्दबाजी में अपना आदेश पारित कर दिया। इससे सदमे में आकर लल्लाराम ने जहरीला पदार्थ पीकर सुसाइड करने की कोशिश की।
जानकारी होते ही घरवालों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। किसान के बेटे शमसेर कुमार वर्मा ने बताया कि बाहर की महिला ने फर्जी दस्तावेज के सहारे खुद को परिवार की सदस्य बताकर मुकदमा दर्ज कराया है। जबकि, वह हमारे परिवार से कोई संबंध नहीं रखती है।
विज्ञापन
एसडीएम प्रीति सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पत्रावलियां सुरक्षित कर ली गई हैं। जांच कराई जा रही है। किसान का समुचित इलाज कराया जा रहा है। जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व तहसीलदार महिमा मिश्रा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आदेश नियमानुसार पारित किया गया था। ऑनलाइन डेटा में तारीख कंप्यूटर ऑपरेटर की गलती से गलत चढ़ गई थी।