गनेशपुर (बाराबंकी)। रामनगर-बहराइच मार्ग स्थित सरयू सेतु के ज्वाइंट में आई दरार की मरम्मत रविवार को शुरू हुई लेकिन देखते ही देखते दोनों ओर लंबा जाम लगने लगा। स्थिति इतनी ज्यादा बिगड़ गई कि देरशाम तक दोनों ओर भीषण जाम लग गया। इसमें कई अधिकारी घंटों फंसे रहे।
मौके पर पहुंची रामनगर पुलिस का जाम छुड़वाने में पसीना छूट गया। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं सेतु के ढहने का खतरा भी मंडराने लगा है। यदि सेतु ढहा तो नेपाल समेत पूर्वांचल के कई जिलों का संपर्क टू्टना तय है।
नेपाल समेत पूर्वांचल के कई जिलों बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, देवीपाटन व नानपारा आदि को जोड़ने वाले सरयू सेतु पर बने ज्वाइंटों में दरारें पड़ गईं जिससे आवागमन बाधित होने लगा। यह देख प्रशासन ने रविवार को मरम्मत का कार्य तो शुरू करा दिया लेकिन वन-वे होने की वजह से जाम लगने लगा।
देरशाम को स्थिति इतनी ज्यादा बिगड़ गई कि सेतु के दोनों ओर काफी लंबा जाम लग गया और वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस जाम से कई जिलों के अफसर समेत सैकड़ों यात्री भी फंस गए।
वाहनों पर सवार यात्री भी जाम को खुलवाने में पुलिस की मदद करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस के जवान जाम को हटवाने का प्रयास करते रहे लेकिन सफल नहीं हो सके और उन्हें पसीना छूटने लगा। पुलिस ने इसकी सूचना सीओ और एसओ रामनगर को दी।
सूचना मिलते ही एसओ सीओ दिनेश दुबे के साथ मौके पर पहुंच गए और मोर्चा संभाल लिया। सीओ ने बताया कि सेतु में आई दरारों की मरम्मत का कार्य चल रहा है जिसकी वजह से जाम लगा है। जाम हटवाकर यातायात सुचारु करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।