बाराबंकी। भीषण गर्मी में बढ़ी बिजली की मांग ने ट्रांसफार्मर के साथ ही सप्लाई लाइन की फॉल्ट भी बढ़ा दी है। लोड के कारण फुंक रहे ट्रांसफार्मरों के कारण शहर से लेकर गांवों तक तक बिजली आपूर्ति धड़ाम हो जाने से लोग हलकान हैं। अघोषित तौर पर हो रही बिजली कटौती के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी के साथ पानी न मिलने की परेशानी से भी जूझना पड़ रहा है।
लगातार बढ़ती मांग के कारण ट्रांसफार्मर जहां जवाब देने लगे हैँ वहीं ट्रिपिंग, लो वोल्टेज व घंटों की कटौती ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। बीते 24 घंटे में ओवरलोड हो जाने के कारण फुंके तीन ट्रांसफार्मरों के कारण करीब एक लाख की आबादी को घंटों बिजली के लिए जूझना पड़ा। इस दौरान 24 घंटे में खराब ट्रांसफार्मर बदलने का दावा भी फेल साबित हुआ। बिजली विभाग की अधीक्षण अभियंता राजबाला का कहना है कि मौजूदा समय में बिजली की मांग बढ़ गई है। इमरजेंसी रोस्टिंग होने से ही बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। रोस्टर के अनुसार ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। हर फाल्ट को जल्दी ठीक कराने के लिए लगातार मॉनीटरिंग का भी निर्देश है।
शहर के मुख्य बाजार धनोखर में शुक्रवार को दो घंटे बिजली गुल रही। नहर कॉलोनी, आवास विकास, हनुमंतनगर, गोकुल नगर, राम जानकी नगर में ट्रिपिंग व लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। शहर में सिविल लाइन, कंपनी बाग नेहरू नगर, प्रीति विहार काॅलोनी में शाम होते ही 10 से 15 बार ट्रिपिंग हुई। मौजूदा समय में दैनिक बिजली की खपत 330 एमबीए हो गई है जो सामान्य से 70 एमबीए अधिक है। सआदतगंज क्षेत्र में शाम छह बजे तक बिजली रही बिजली की आवाजाही से करीब 20 हजार आबादी को परेशानी झेलनी पड़ी। हैदरगढ़ ग्रामीण उपकेंद्र के मंझार, टेलीफोन, बहुता, त्रिवेदीगंज फीडर में पूरी रात कई बार में घंटो बिजली काटी गई। इसी तरह रामनगर डिवीजन में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे से लेकर 11:30 तक सिरौलीगौसपुर के क्षेत्र के किंतूर गांव 18 घंटे के सापेक्ष मात्र 12 घंटे ही बिजली सप्लाई मिली। इससे 18 हजार की आबादी को परेशानी उठाना पड़ी।
चार दिन बाद भी नहीं बदला ट्रांसफार्मर
हैदरगढ़ क्षेत्र के सतरही गांव में चार दिन बाद भी खराब ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। ब्लॉक हैदरगढ़ के सतरही गांव में अधिक लोड के चलते मंगलवार को ट्रांसफार्मर फुंक गया था। बृहस्पतिवार को बिजली कर्मी ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचे लेकिन ऊपर चढ़ाने के दौरान गिरने से खराब हो गया। इससे करीब एक हजार आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रात में चार घंटे गुल रही बिजली
फतेहपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात दस बजे तहसील फीडर में खराबी आ गई जिससे पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। चार घंटे बाद सप्लाई शुरू कराई जा सकी। इससे 70 हजार की आबादी प्रभावित रही। इसके अलावा सिहाली, हसनपुर टांडा, ररिया, बिलौली, पटना, दौलतपुर, इसेपुर, गंगोली, टांडा समेत करीब 40 गांव में आठ से दस घंटे बिजली कटौती हो रही है।