फेदाबाद स्थित केवाड़ी में लगाए गए बिजली राहत शिविर में उपभोक्ताओं की समस्या सुनते अधिशासी अ
बाराबंकी। बिजली बिल राहत योजना के तहत बुधवार को शिविरों में उपभोक्ता बिल संशोधन के लिए भटकते रहे। उन्हें बिजली बिल संशोधित न होने से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जगह-जगह लगाए गए शिविर में दिनभर एक-एक कर उपभोक्ता पंजीकरण कराने और जानकारी लेने आते रहे। सुबह सर्वर धीमा चलने से उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ा। जिलेभर के शिविर में 747 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया।
बाराबंकी डिवीजन में संदौली, मौथरी, नगरौरा, हजाराबाग, केवाड़ी, आजाद नगर, मवैया, फरेस्तीपुर, बहादुरपुर, महरौड़ में शिविर लगाया गया। अधिशासी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी ने केवाड़ी में शिविर का हाल देखा। कहा कि शिविर में आने वाले हर उपभोक्ता की पूरी बात सुनी जाए और योजना के तहत पंजीकरण कराया जाए। फतेहपुर में में सर्वर धीमा होने से उपभोक्ताओंं को इंतजार करना पड़ा। शिविर में पहुंचे उपभोक्ता गुफरान ने बताया कि एक माह का बिल 17000 रुपये आ गया है। वहीं सआदतगंज निवासी संतोष यादव ने कहा कि एक महीने का 10300 रुपये का बिल आ गया। प्रयास के बाद भी बिल दुरुस्त नहीं हो सका। सोनम का एक महीने का बिजली बिल 15000 रुपये आ गया। लेकिन शिविर में बिल संशोधित नहीं हो पा रहा है। अधिशासी अभियंता अताउल हक का कहना है कि योजना के तहत पंजीकरण कराया जा रहा है, साथ ही उपभोक्ताओं की हर समस्या का समाधान किया जा रहा है। बिजली बिल भी संशोधित हो रहा है।