बाराबंकी। विधानसभा चुनाव में कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन कराया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क बनाने के साथ ही गोला रेखांकित किया जाएगा। गोले में खड़े होकर मतदाता अपनी बारी का इंतजार करेंगे। उनकी जांच के लिए वहां थर्मल स्क्रीनिंग मशीन, सैनिटाइजर व मास्क समेत अन्य संसाधन उपलब्ध रहेंगे। ऐसे में सभी मतदेय स्थलों पर हेल्प डेस्क बनाने की व्यवस्था की गई है।
जिले के छह विधानसभा क्षेत्र और एक आंशिक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए 2829 बूथ बनाए गए हैं। इस सभी पर बनने वाली हेल्प डेस्क पर पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे जो वहां आने वाले मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग करेंगे। मास्क न होने की दशा में मतदाता को वोट देने के लिए मास्क व दस्ताना उपलब्ध कराया जाएगा। प्रयोग के बाद उसे टोकरी में डाल दिया जाएगा।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए प्रत्येक बूथ पर कम से कम 20 गोले बनाए जाएंगे। मतदाता इसी में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करेंगे। सीधे तौर पर यह कहा जाए कि बूथों पर दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी का पूरी तरह से पालन होगा। इस बाबत सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी बूथों पर हेल्प डेस्क बनाकर मतदाताओं की कोविड जांच की जाएगी। साथ ही मास्क, ग्लब्स आदि देकर वोट डलाया जाएगा।
कोरोना के लक्षण वालों का आखिर में पड़ेगा वोट
मतदान के लिए आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की मतदेय स्थल पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसमें कोरोना के लक्षण पाए जाने पर संबंधित मतदाता को बूथ स्थल पर जाने से रोक दिया जाएगा। ऐसे मतदाता का वोट सबसे आखिर में पूरी सावधानी के साथ डलवाया जाएगा। जबकि पहले से कोरोना पॉजिटिव पाए गए मतदाताओं का वोट डलवाने के लिए मतदान कर्मियों को संबंधित के घर भेजकर मतदान करवाने की तैयारी चल रही है।