बाराबंकी। होली के पर्व पर खुशियों व उल्लास के बीच सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। अधिकतर हादसे तेज रफ्तार के कारण हुए।
अयोध्या जिले के थाना पटरंगा थाना क्षेत्र के मखदूमपुर निवासी धर्मेंद्र उर्फ लल्ला (25) बुधवार की दोपहर अपनी ससुराल जिले के रामसनेहीघाट इलाके के मोहम्मदपुर सोनौली गांव जा रहे थे। दरियाबाद के पहरूपुर मार्ग पर बिगहिया गांव के पास इनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क के किनारे लगे पेड़ से टकराई जिससे इनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रामनगर कोतवाली क्षेत्र के भिठौली निवासी चचेरे भाई करण सोनी (20) व हिमांशु सोनी (22) लखनऊ में काम करते थे। मंगलवार देर रात दोनों बस से रामनगर के महादेवा पहुंचे। यहां हिमांशु के बड़े भाई छोटू (24) आए और तीनों बाइक से घर को रवाना हुए। बिंदौरा-परसपुर मार्ग पर इंद्रसेन पुरवा के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर बाइक में लगी। हादसे में बाइक चला रहे हिमांशु सोनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। छोटू व करण गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर की हेडलाइट खराब मिली।
मोहम्मदपुर खाला थाना के ऐनुद्दीनपुर निवासी महेंद्र वर्मा होमगार्ड हैं और थाने की पीआरवी में चालक हैं। इनके इकलौते बेटे प्रियांशु वर्मा (24) प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विस की तैयारी करते थे। मंगलवार रात घर लौट रहे थे। फतेहपुर क्षेत्र के डडियामऊ गांव तक पहुंचने के बाद बाराबंकी-फतेहपुर मार्ग पर अनुबंधित बस की टक्कर से घायल प्रियांशु की निजी अस्पताल में मौत हो गई।
फतेहपुर कस्बे के मोहल्ला मिरदहन पुरवा निवासी सुशील वर्मा (58) कृषि व आयुर्वेदिक दवाओं की दुकान चलाते थे। मंगलवार शाम तहसील के पास आलू लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली ने इनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। सुशील सड़क पर गिरे ही थे कि ट्रैक्टर-ट्राॅली उन्हें रौंदते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भाग गया। सीएचसी में सुशील को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिवार में पत्नी नीलम, पुत्र शिवपूजन और बहू हैं।
टिकैतनगर थाने के बेलखरा निवासी बाबू (26), मोनू (19) व विनय (23) मंगलवार रात एक ही बाइक से असंद्रा के देवीगंज से घर लौट रहे थे। रामसनेहीघाट-हैदरगढ़ मार्ग पर भीखरपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। सीएचसी रामसनेहीघाट में बाबू को मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं रामसनेहीघाट के ही रसूलपुर निवासी रंजीत कुमार (23) अपने साथी शिवांशु (25) के साथ बुधवार शाम भिटरिया से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रानीमऊ पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रंजीत की मौत हो गई। रंजीत मजदूर करते थे। परिवार में पत्नी शिवानी और दो वर्ष का एक बेटा सूर्या है।
इसी तरह से टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ही रायपुर गांव निवासी रिंकू कश्यप (35) अपने भाई के दामाद जितिन कश्यप और गांव के लाल बहादुर यादव के साथ बाइक से बुधवार सुबह होली खेलने रामनगर के रमवापुर जा रहे थे। इस दौरान लोधपुरवा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सिरौलीगौसपुर संयुक्त चिकित्सालय से रिंकू और जितिन को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां से लखनऊ के निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान रिंकू की मौत हो गई। जितिन का इलाज सफेदाबाद के हिंद अस्पताल में जारी है। मृतक की चार बेटियां हैं।
उधर, हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में दतौली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए कस्बे के ठठराही मोहल्ला निवासी शिवांग पांडेय (35) की बुधवार रात लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई।