बाराबंकी। गैर जनपद स्थानांतरित आठ खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को मंगलवार को कार्यमुक्त कर दिया गया। इसके साथ ही दूसरे जिलों से आए नए आठ अधिकारियों को विकासखंडों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। डीएम ईशान प्रताप सिंह के अनुमोदन के बाद बीएसए नवीन कुमार पाठक ने इस संबंध में आदेश जारी किया।
सोमवार की शाम शासन ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिले में तैनात आठ बीईओ का तबादला दूसरे जिलों में किया था। दूसरी ओर गैर जनपदों से आठ बीईओ को जिले में भेजा गया था। गैर जनपदों से स्थानांतरित होकर आए खंड शिक्षा अधिकारियों को जिले के विभिन्न ब्लॉकों का प्रभार आवंटित किया गया है। इसमें अश्विनी कुमार सिंह गुप्ता को मसौली, सत्यप्रकाश यादव को त्रिवेदीगंज, पूजा सिंह को हैदरगढ़ और हरिओम तिवारी को दरियाबाद का बीईओ बनाया गया है। इसी तरह हिमांशु कुमार मिश्रा को पूरेडलई व बनीकोडर, शत्रोहन सरोज को फतेहपुर, अजय कुमार त्रिपाठी को हरख व मुख्यालय तथा रामराज को बंकी और नगर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। बीएसए ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।