रामनगर। स्थानीय नगर पंचायत में जलनिकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक अहम विकास कार्य शुरू किया जा रहा है। लखरौरा वार्ड में 1.15 करोड़ रुपये की लागत से एक आरसीसी कवर्ड नाला का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अगली बारिश में जल भराव की समस्या से निदान मिल सके।
लखरौरा वार्ड में लंबे समय से जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क किनारे रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी और बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत के चेयरमैन और ईओ को कई बार मांगपत्र सौंपकर समुचित इंतजाम की गुहार लगाई थी। नगर पंचायत के ईओ अशोक खरवार ने बताया कि वार्ड में जलनिकासी की समस्या गंभीर थी और इस नाला निर्माण से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण कार्य को जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।