बाराबंकी। नवाबगंज रजबहा में शनिवार को डॉल्फिन देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे वनदरोगा और वनरक्षक उसे पकड़ने का प्रयास करते रहे लेकिन ठंड के साथ अत्याधिक पानी होने के चलते उसे पकड़ नहीं सके। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देेने के बाद रविवार को लखनऊ से आने वाली टीम डॉल्फिन को पकड़ने में जुटेगी। फिलहाल डॉल्फिन पर नजर रखने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों को लगाया गया है।
शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों द्वारा नवाबगंज रजबहा में डॉल्फिन देखी गई। इसे देख ग्रामीण भयभीत हो गए और इसकी सूचना आग की तरह आसपास के गांव में फैल गई। गांव से महिलाएं, पुरुष और के बच्चे सभी नहर की तरफ दौड़कर पहुंच गए। लोग डॉल्फिन देखने के लिए कई किलोमीटर तक उसके पीछे-पीछे दौड़ लगाते रहे। डॉल्फिन जब कभी नहर के पानी से ऊपर आती। तभी वहां मौजूद लोग मचाना शुरू कर देते। इसके चलते डॉल्फिन नहर के अंदर गोता लगाती रही। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन दरोगा रामसेवक यादव और वनरक्षक राम किशोर यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन डॉल्फिन तीन घंटे के अंदर लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय कर बसंतपुर गांव के पास पहुंच गई।