बाराबंकी। जिला कारागार का सोमवार को डीएम व एसपी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल की बैरकों की पड़ताल कर बंदियों को दी जा रहीं सुविधाओं का परीक्षण किया गया।
डीएम सत्येंद्र कुमार, एसपी दिनेश कुमार सिंह दोपहर में जिला कारागार पहुंचे। सबसे पहले बंदियों की बैरकों की तलाशी करवाई गई। जेल की मेस, अस्पताल परिसर का सघन निरीक्षण कर भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली गई। अस्पताल के चिकित्सक से बंदियों के लिए दवाओं की उपलब्धता पर जानकारी की। डीएम ने निरुद्ध बंदियों से वार्ता करते हुए उनके मिलने वाले भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछा।
महिला बंदियों के साथ मौजूद बच्चों की शिक्षा व्यवस्था व पोषाहार के बारे में पूछा। डीएम ने कहा कि बंदियों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त संख्या में गर्म कपड़ों और कंबल की व्यवस्था दुरुस्त रहे। गंभीर बीमारियों से ग्रस्त बंदियों का बेहतर इलाज कराया जाए। इस मौके पर जेल अधीक्षक कुंदन कुमार, जेलर आलोक शुक्ला समेत तमाम जेल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।