बाराबंकी। बुधवार को कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़ेल प्रथम में एमडीएम का निरीक्षण करते डीएम
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने बुधवार की सुबह शहर के पांच परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में कई खामियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। स्कूल के परिसर, कमरों व शौचालयों में गंदगी देख आक्रोशित डीएम ने प्रधानाध्यापकों को फटकार लगाई। इसके बाद एमडीएम हाल जाना और अधूरे मिले एमडीएम के रजिस्टर को अपने कब्जे में लेकर जांच कराने के आदेश दिए। स्कूलों में मिले अवैध कब्जे को हटवाने के साथ दोषियों पर कार्रवाई करने के आदेश एसडीएम सदर को दिए।
बुधवार की सुबह डीएम डॉ.आदर्श सिंह ने प्राथमिक विद्यालय पल्हरी का निरीक्षण किया। यहां पर स्कूल में बाउंड्रीवाल न होने से ग्रामीणों के अवैध कब्जे व उपले फैले होने पर उन्होंने नारजगी जताई। यहां पर एमडीएम का अभिलेख पूर्ण न होने रजिस्टर को अपने कब्जे में लिया। वहीं साफ-सफाई कराने के आदेश प्रधानाध्यापिका को दिए। प्राथमिक विद्यालय शुक्लाई का निरीक्षण कर प्रधानाध्यापिका को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद बडेल पहुंचे डीएम ने एक ही परिसर में संचालित पूर्व माध्यमिक विद्यालय बडेल, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर प्रेरणा एप के प्रयोग के साथ शिक्षक व बच्चों से डीएम ने बात भी की।
बच्चों से पूछा की लैपटाप पर महाभारत या कार्टून क्या दिखाया जाता है। इस पर बच्चों ने कहाकि यह दोनों नहीं सिर्फ पढ़ाई में जरूरी होने वाले पाठयक्रम दिखाएं जाते है। इसके बाद यहां पर एक बारात घर द्वारा स्कूल के पिछले हिस्से में फेंकी गई गंदगी, गंदे शौचालय व कमरों में मिली गंदगी पर प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई। नगर पालिका से कर्मचारियों को बुलाकर सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम किचन में पहुंचे और बन रही तहरी की गुणवत्ता को चम्मच चलाकर परखा। रसोई से उनके बच्चों के स्कूल में पढ़ने व यही भोजन देने के बारे में पूछा।
इसके बाद दूध वितरण और उसके क्रय करने के बारे में जानकारी ली। यहां पर भी डीएम ने तीन स्कूल के एक साथ बनने वाले एमडीएम के रजिस्टर को देखा। इसमें अवशेष खाद्यान अंकित न होने पर नाराजगी जताई और इस रजिस्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया। डीएम ने पल्हरी व बडेल में स्कूल की भूमि पर अवैध कब्जे को हटवाने के साथ दोषियों पर कार्रवाई के आदेश एसडीएम सदर अभय कुमार पाण्डेय को दिए।