बाराबंकी। टीकाकरण में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने नाराजगी जाहिर करते हुए हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज के अधीक्षकों को कड़ी फटकार लगाई है। चेतावनी दी कि टीकाकरण से जुड़े कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। दरियाबाद सीएचसी से किसी के भी बैठक में मौजूद न होने पर सीएमओ को निर्देश दिया कि जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय की जाए।
जिलाधिकारी ने बेहतर कार्य करने वाली एएनएम को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। वह बृहस्पतिवार को लोक सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
समीक्षा में टीबी रोगियों के उपचार और सहायता सेवाओं की प्रगति सहीं न मिलने पर उन्होंने अधीक्षकों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण में लापरवाही बरतने पर अब सीधे अधीक्षक को जिम्मेदार माना जाएगा।
कहा कि बाहर से किसी भी हालत में कोई दवाएं न लिखी जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव में वृद्धि पर जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं का शत प्रतिशत पंजीकरण कराया जाए और उनके प्रसव सरकारी अस्पतालों में कराए जाएं।
कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु की रिपोर्टिंग में पूरी पारदर्शिता से की जाए अधूरी रिपोर्ट पर नाराजगी भी जताई। कहा कि आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने की गति में तेजी लाई जाए। सीएचसी अधीक्षक, बीडीओ व सीडीपीओ के साथ पीएचसी का निरीक्षण करें और कमियों को सुधारें। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य रैंकिंग सुधारने के बेहतर प्रयास किए जाएं। इस मौके पर सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव, एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव, डॉ. राजीव सिंह आदि मौजूद रहे।
इन्हें किया गया सम्मानित
उत्कृष्ट कार्य करने पर डीएम ने बनीकोडर की एएनएम रेखा, शहरा की शिखा सिंह, बड़ागांव मसौली से रिंकी मौर्या, दरियाबाद से शीतल देवी, देवा से छवि चतुर्वेदी, फतेहपुर से आरती मिश्रा, घुघटेर से नीरू सिंह, हैदरगढ़ से शबाना खान, हरख से आरती वर्मा, जाटाबरौली से प्रतिभा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इसी प्रकार रामनगर से जीनत मेहताब, सिद्धौर से काजल चौधरी, सिरौली से अर्चना राय, टिकैतनगर से प्रसून लता और त्रिवेदीगंज से मीनाक्षी को उनके उत्कृष्ट कार्य करने पर जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।