लखनऊ-अयोध्या हाईवे के चौपुला चौराहे पर डायवर्जन के दौरान दी गई छूट के बाद निकलते वाहन। -संवाद
बाराबंकी। अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों का डायवर्जन शुक्रवार को 20वें दिन भी जारी रहा। हालांकि वैवाहिक कार्यक्रमों के चलते थोड़ी छूट भी दी गई। नेपाल के श्रद्धालुओं को भी अयोध्या मार्ग पर प्रवेश नहीं मिला। इससे वे परेशान दिखे।
लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर शुक्रवार को चौपुला तिराहा से वाहनों को बहराइच मार्ग व हैदरगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाता रहा। पुलिस के अधिकारी अयोध्या की यातायात व्यवस्था संभाले अधिकारियों के संपर्क में रहे, इसलिए वहां से जब मैसेज मिलता तो कुछ देर के लिए बैरियर हटा देते थे।
इसके अलावा वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जाने वाले लोगोें को भी छूट दी गई। रामसनेहीघाट के भिटरिया चौराहा से हैदरगढ़ मार्ग पर वाहनों को डायवर्ट किया गया। सफदरगंज व बदोसराय से भी अयोध्या मार्ग पर जाने वालों को रोका गया।
यात्री भी रहे परेशान
बस से रामसनेहीघाट, मवई, रुदौली, अयोध्या, बस्ती, आजमगढ़ व गोरखपुर आदि स्थानों को जाने के लिए यात्री रोडवेज बसों का इंतजार में चौपुला तिराहे पर परेशान दिखाई दिए। शुक्रवार को तेज हवा चल रही थी, ऐसे में बच्चों के साथ बैठीं महिलाएं काफी परेशान दिखाई दीं। इंतजार में बैठे रजी ने बताया कि वह अयोध्या में फेरी लगाकर रंग बेचने के लिए जा रहे हैं, दो घंटे से बस नहीं मिली। आजमगढ़ जाने के लिए बस का इंतजार करते मिले राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि रोडवेज की जो बसें निकल रही हैं, उनमें बैठने की जगह नहीं है।