सतरिख (बाराबंकी)। विदेश भेजने के नाम पर दो लोगों से ठगी करने वाले तीन लोगों के विरुद्ध एसपी के आदेश पर सतरिख थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र बाराबंकी के फतेहाबाद बड़ेल निवासी राजेश कुमार ने एसपी से शिकायत की थी कि सतरिख के नफीस ने सऊदी अरब भेजने के लिए डेढ़ लाख रुपये ले लिए वहां के बजाय दुबई भेज दिया।
दुबई में काफी परेशान किया गया तो पत्नी गीता के कहने पर नफीस ने वापस बुला लिया। लौटकर रुपये मांगे तो नफीस ने जाति सूचक गालियां देकर धमकी दी।
इसी तरह ग्राम बुधेड़ी निवासी नसीम अली ने एसपी को बताया कि बड्डूपुर थाने के ग्राम उछीहापुर के राजू व देवा कोतवाली के ग्राम फकीरशाह पुरवा के जुम्मन ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख 20 हजार रुपये ले लिए। थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया कि नफीस के अलावा राजू व जुम्मन के खिलाफ भी विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।