बाराबंकी। जिला अस्पताल में बने कोविड वार्ड में मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा रामसनेहीघाट, रामनगर, हैदरगढ़, फतेहपुर और सिरौलीगौसपुर सीएचसी पर भी कोरोना मरीजों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल सकेगी ऐसी व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि जिला अस्पताल में बने कोविड वार्ड में सोमवार से कोरोना मरीजों को भर्ती कर उपचार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले चरण में यहां पर 30 बेडों पर इस सुविधा को शुरू किया गया है। इसके अलावा रामसनेहीघाट, हैदरगढ़, फतेहपुर, रामनगर और सिरौलीगौसपुर सीएचसी पर 2-2 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगा दिए गए हैं जिससे यहां पर आने वाले कोविड मरीजों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल सके।
यह सुविधा मरीजों को मंगलवार से मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा सिरौलीगौसपुर में बना सौ बेड का अस्पताल एल-1 बनाया गया है यह भी दो से तीन दिन के अंदर शुरु हो जाएगा। यहां पर कोरोना के प्रारंभिक लक्षण वाले मरीजों को उपचार की सुविधा मिल सकेगी। जिला महिला अस्पताल में भी कोविड संक्रमित गर्भवती महिलाओं के उपचार और प्रसव की सुविधा की गई है वहीं नान कोविड महिलाओं को उपचार की सुविधा मिलती रहेगी।