देवा रोड बस स्टेशन पर लखनऊ की बस में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते यात्री। संवाद
बाराबंकी। देवा रोड स्थित बस स्टेशन पर रविवार को लखनऊ जाने वाले यात्रियों भारी भीड़ देखी गई। राजधानी जाने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं और नौकरी पेशा दैनिक यात्रियों को घंटों परेशानी का समाना करने पड़ा।
रविवार को कुंभ और जगह-जगह डायवर्जन के चलते देवा रोड बस स्टेशन पर सुबह-शाम लखनऊ जाने वाले यात्रियों की भीड़ दिखी। गौरतलब है कि बाराबंकी डिपो से 98 अनुबंधित बसों का संचालन होता है। इस समय तीन बसें श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज गई हैं।
बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। देर शाम देवा रोड स्थित बस स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। घंटों इंतजार के बाद लखनऊ जाने के लिए एक बस खड़ी हुई तो उसमें बैठने के लिए लोग धक्कामुक्की करते हुए अंदर सीट पाने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए।
बस भर जाने के बाद बचे हुई यात्री दूसरी बस की प्रतीक्षा न करते हुए मजबूरी में डग्गामार वाहनों से गंतव्य को निकल गए। एआरएम जमीला खातून ने बताया कि इस समय तीन बसें प्रयागराज गई हैं। डायवर्जन के चलते लखनऊ जाने वाली बसें जाम में फंस जा रही हैं जिसके चलते यात्रियों को असुविधा हुई होगी।