बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र बदोसराय से एक सप्ताह पहले सुसाइड नोट छोड़कर लापता हुए प्रॉपर्टी डीलर का शव रविवार को 10 किमी दूर दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में नहर की झाल में फंसा मिला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण और सुसाइड नोट की राइटिंग की जांच भी की जाएगी क्योंकि पुलिस को साजिश की आशंका भी है।
बदोसराय थाना क्षेत्र के किंतूर गांव निवासी रसीलुद्दीन (30) लखनऊ में रहकर जमीन का कारोबार करते थे। दो जनवरी को उन्होंने बड़े भाई जावेद अंसारी के व्हाट्सएप पर एक वीडियो भेजा। उसमें कह रहे थे कि वह काफी अवसाद में हैं, कुछ समझ में नहीं आ रहा।
उन्होंने वीडियो में कहा था कि वह बदोसराय क्षेत्र से गुजरी शारदा डबल नहर में कसरैला डीह गांव के पास कूदकर आत्महत्या करने जा रहे हैं। वीडियो मिलने के बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे। आननफानन पुलिस व परिजन कसरैला डीह पहुंचे तो नहर किनारे रसीलुद्दीन की बाइक पड़ी मिली।
बाइक की डिकी में एक सुसाइड नोट व मोबाइल भी मिला। सुसाइड नोट में डिप्रेशन के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी थी। बदोसराय पुलिस ने सर्च अभियान चलाया मगर कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र से गुजरी उसी नहर के चमरौली झाल में एक युवक का शव देख सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
गोताखोरों से शव को बाहर निकलवाया गया। भाई जावेद ने रसीलुद्दीन के रूप में शव की पहचान की। बदोसराय के एसएचओ संतोष कुमार ने बताया कि उनके थाने में पहले से गुमशुदगी दर्ज होने के कारण छानबीन की जा रही है।