46- बाराबंकी। नवीन मंडी स्थित धान क्रय केन्द्रों पर नही हो रही खरीद बंद पड़े क्रय केन्द्र।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। विपणन शाखा द्वारा खोले गए ज्यादातर क्रय केंद्रों पर बुधवार को पूरे दिन धान खरीद ठप रही। केंद्रों पर मौजूद किसान पूरे दिन धान की तौल कराने के लिए केंद्र प्रभारियों को ढूंढते रहे लेकिन प्रभारी कहीं नजर नहीं आए। किसानों ने बताया कि हाईब्रिड धान को लेकर नवीन मंडी स्थित दोनों कांटों पर एक नोटिस जरूर चस्पा करा दी गई, जिसमें लिखा गया है कि जिले में 35 प्रतिशत हाईब्रिड धान की खरीद की जानी है। लक्ष्य से अधिक की खरीद हो चुकी है इसलिए अब हाईब्रिड धान की खरीद बंद की जाती है। इस नोटिस पर किसी के हस्ताक्षर नहीं है। किसानों का कहना है कि वह तो कहीं का नहीं रहा।
धान की तौल को लेकर महीनों पहले टोकन जारी किए गए थे, जिससे वह अपनी बारी आने का इंतजार कर रहा था और अब जब उसकी बारी आई तो कहा जा रहा है कि धान की तौल नहीं की जाएगी। ऐसे में हम तो कहीं के नहीं रह गए। किसानों ने बताया कि नवीन मंडी में तैनात दोनों केंद्र प्रभारी बुधवार को केंद्रों पर आए ही नहीं है इनके सहायक आए और किसानों को देख मुंह छिपाकर भाग गए। जब इस मुद्दे पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बात की गई तो वह भी कुछ भी खुलकर बोलने से बचते रहे।
कांटा नंबर एक पर धान लेकर खड़े किसान गया प्रसाद ने बताया कि सोमवार को लिस्ट में नाम था लेकिन धान नहीं तौला गया। इस बीच कई किसानों का धान रिजेेक्ट कर लौटा दिया गया। आज बताया गया कि अब तौल नहीं होगी। किसान राजकुमार ने बताया कि वह पिछले बीस दिनों से केंद्र के चक्कर काट रहा है और उसका धान नहीं तौला जा रहा है। किसानों का आरोप है कि इधर काफी दिनों से किसानों का धान रिजेक्ट कर परेशान किया जा रहा है और अब जब तौल का नंबर आया तो कांटा ही बंद कर दिया गया।
जिले में किसी भी केंद्र पर धान की खरीद बंद नहीं की गई है बल्कि 35 प्रतिशत से अधिक हाईब्रिड धान की खरीद की जा चुकी है। अब हाईब्रिड धान की खरीद कर पाना संभव नहीं है क्योंकि मिलर्स भी हाईब्रिड धान उठाने से कतरा रहे हैं।
- संतोष कुमार द्विवेदी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी
जिले में धान की खरीद 28 फरवरी तक होनी है, लेकिन यदि क्रय केंद्रों पर धान की खरीद नहीं हो रही है तो इस संबंध में अधिकारियों से बात की जाएगी। जो किसान क्रय केंद्रों पर धान लिए खड़े हैं उनके धान की तौल क्रय केंद्र पर ही हो जाए इसका पूरा प्रयास किया जाएगा।
उपेंद्र सिंह रावत, सांसद