बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुुनाव को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को पूरा करने में लगा है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की कार्रवाई पूरी करने के बाद अब 22 अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। उधर, आरक्षण को लेकर सबकी निगाहें टिकी हैं। आरक्षण लागू होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो जाएंगी।
जिले की 1161 ग्राम पंचायतों में चार पदों पर होने वाले चुनाव से पहले छोटी-बड़ी हर प्रकार की चुनावी तैयारियां पूरी करने के लिए जिला प्रशासन ने 22 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रभारी अधिकारी के रूप में नामित किए गए इन अफसरों को चुनाव से संबंधित कार्यों को अपनी देखरेख में कराने की जिम्मेदारी दी गई है। उधर, आरक्षण पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। भावी प्रत्याशियों से लेकर मतदाताओं तक को इसका इंतजार है।
कार्मिक नियुक्ति व्यवस्था व प्रशिक्षण - सीडीओ, शांति व्यवस्था, आचार संहिता - एडीएम, मतदाता सूची व्यवस्था - सभी एसडीएम, स्टेशनरी व किट - उपनिदेशक कृषि, मतपत्र व्यवस्था - बंदोबस्त अधिकारी, टेंटेज व्यवस्था - अधिशाषी अभियंता खंड तीन, नियंत्रण कक्ष - डीएसटीओ, शिकायत व्यवस्था - जिला कार्यक्रम अधिकारी, मीडिया प्रबंधन - सूचना अधिकारी, बूथ निर्माण - समस्त बीडीओ, स्वल्पाहार- डीएसओ, प्राथमिक स्वास्थ्य किट - सीएमओ, वाहन व ईंधन - अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रथम, वीडियोग्राफी - डीसी मनरेगा, रूटचार्ट, इलेक्शन मैनेजमेंट - अतिरिक्त मजिस्ट्रेट द्वितीय, प्रेक्षक व्यवस्था - सहा. महा. निबंधक, यात्राभत्ता व निर्वाचन व्यय - टीओ, मतपेटिका व्यवस्था - डीपीआरओ, स्ट्रांग रूम व मतगणना व्यवस्था - समस्त एसडीएम, विधि व्यवस्था - संयुक्त निदेशक अभियोजन
शासन द्वारा कभी भी आरक्षण सूची जारी हो सकती है। इसको लेकर पंचायती राज विभाग ने पिछली पांच बार के ग्राम पंचायतवार आरक्षण का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। इस संबंध में विभाग के अफसर कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
चुनावी ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों की बैठक शुक्रवार को होनी है। इसमें जिलाधिकारी टिप्स देने के साथ ही समीक्षा भी करेंगे।
- डॉ. राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी।