बाराबंकी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले में 147.21 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। इस पर 136 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भारत सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया शुरु कर दी है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरु होगा। दस विकास खंड़ों की स्वीकृत हुई इन सड़कों के बनने से करीब डेढ़ सौ गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
अच्छी सड़कों से ही गांव के विकास का रास्ता जाता है। इसी उद्देश्य को लेकर केंद्र सरकार द्वारा गांवों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से जोड़ने के लिए चिह्नित सड़कों का चौड़ीकरण कर नई सड़कें बनाई जाती हैं। योजना के मुताबिक जिस मार्ग पर स्कूल, पंचायत भवन, अस्पताल, बैंक, बाजार आदि पड़ते हैं।
उन सड़कों को इसमें शामिल किया जाता है। इस चुनावी वित्तीय वर्ष में भी केंद्र सरकार ने जिले की 19 सड़कों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनाने के लिए स्वीकृति दे दी है। एक अरब 36 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से 147.21 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी।
सांसउ उपेंद्र सिंह रावत के प्रयास से मिलीं इन सड़कों के निर्माण के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरु करने की तैयारी में लग गया है। इन सड़कों के बनने से संबंधित क्षेत्र के करीब डेढ़ सौ गांवों के लोगों केे आवागमन की बेहरत सुविधा मिलेगी। वहीं जल्द ही दस और सड़कों के प्रस्तावों पर स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
जिले में पीएमजीएसवाई के तहत बनने वाली सड़कों की स्वीकृति मिली है। जल्द ही इस संबंध में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के साथ बैठक कर टेंडर आदि को लेकर समीक्षा की जाएगी। ताकि निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
-एकता सिंह, सीडीओ