रामसनेहीघाट में पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शन करते लोगों से बात करते पुलिस अधिकारी
रामसनेहीघाट। स्थानीय भिटरिया में पुलिस पर एक युवक को घर से उठाकर पीटने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों ने पुलिस पर दो लाख रुपये की मांग व पिटाई का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग को लेकर भिटरिया हनुमान मंदिर पर प्रदर्शन किया।
अयोध्या जिले की पटरंगा पुलिस ने पिछले सप्ताह ढेमा गांव निवासी सुहेल को उठाया था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे दो लाख रुपये की मांग की। रकम न मिलने पर युवक को बुरी तरह पीटा गया। बाद में पुलिस ने सुहेल को परिजनों को सौंप दिया।
घर पहुंचने के बाद सुहेल ने कथित रूप से फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। परिजनों ने समय रहते उसे बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया। उसका उपचार अभी भी जारी है और हालत नाजुक बनी हुई है। सुहेल के पिता हग्गन हास्य कलाकार हैं। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। रुदौली क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने इस पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह व मृत्युंजय सिंह समेत अन्य कार्यकर्ताओं शामिल रहे।