रामनगर। भाजपा एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने सदन में खेल स्टेडियम, सरयू पुल और पावर हाउस की मांग रखी, वहीं विधायक फरीद महफूज किदवई ने करीब 18 वर्षों से बंद बुढ़वल चीनी मिल के संचालन का सवाल उठाया।
भाजपा के विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह ने उच्च सदन में चंदीपुर गांव में आधुनिक खेल स्टेडियम निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। स्टेडियम बनने से रामनगर व सूरतगंज ब्लॉक के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने हेतमापुर में सरयू नदी पर पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को भी दोहराया, जिससे बहराइच, गोंडा सहित अन्य जिलों का सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा और व्यापार, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही एमएलसी ने रानीबाजार में नए पावर हाउस की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इससे लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।
रामनगर के सपा विधायक व पूर्व मंत्री फरीद महफूज किदवई ने करीब 18 वर्षों से बंद पड़ी बुढ़वल चीनी मिल के फिर से संचालन का पुराना मुद्दा विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि मिल बंद होने से हजारों लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ है और गन्ना किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। मिल के दोबारा चालू होने से न केवल रोजगार सृजन होगा, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।