बाराबंकी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं शुक्रवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले में 110 परीक्षा केंद्रों पर हाई स्कूल की सामाजिक विज्ञान और इंटरमीडिएट की अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित हुई।
प्रथम पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान परीक्षा 110 केंद्रों पर आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 42,472 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 39,861 उपस्थित रहे जबकि 2,611 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 32,749 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 30,430 ने परीक्षा दी जबकि 2,049 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सहायक निदेशक (समग्र शिक्षा) लखनऊ प्रतिमा सिंह ने फतेहपुर क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने आर आर इंटर कॉलेज, डब्ल्यू सीए इंटर कॉलेज, आजाद इंटर कॉलेज, पीएमश्री बालिका इंटर कॉलेज तथा सर्वोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, कड़ी तलाशी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। रामनगर के महादेवा क्षेत्र में भी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। प्रथम पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान तथा द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित हुई। दोनों पालियों में कुल 130 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 13 अनुपस्थित रहे। केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षकों की देखरेख में परीक्षा अनुशासनपूर्ण माहौल में कराई गई।
सआदतगंज स्थित श्री गांधी पंचायत इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में 503 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 468 उपस्थित रहे और 35 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 332 परीक्षार्थियों में से 323 ने परीक्षा दी, जबकि नौ अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इंटरमीडिएट की छात्रा शिफा साबिर ने अंग्रेजी का प्रश्नपत्र सरल बताया।
कोटवाधाम स्थित विद्यापीठ इंटर कॉलेज में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में 320 छात्र उपस्थित रहे और चार अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा में 98 में से 95 छात्र उपस्थित हुए।
जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली गई। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती और प्रश्नपत्रों की सुरक्षित वितरण व्यवस्था के बीच परीक्षा पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में कराई गई।
फिजिक्स की 964 परीक्षार्थी ने दी परीक्षा
बाराबंकी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की इंटरमीडिएट कक्षा की फिजिक्स विषय की परीक्षा शुक्रवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहले दिन आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 964 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से पांच छात्र अनुपस्थित रहे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली। परीक्षा देकर निकले छात्र तनमय ने बताया कि फिजिक्स का पेपर होने के कारण शुरुआत में काफी घबराहट थी, लेकिन प्रश्नपत्र अपेक्षा से आसान रहा। उन्होंने कहा कि डेरिवेशन और न्यूमेरिकल प्रश्न सरल थे। वहीं छात्र रुद्रांश ने बताया कि पेपर संतुलित था और उन्होंने दो कॉपियां भरीं। कुल मिलाकर अधिकांश विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान और समयानुकूल बताया। परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई।