बाराबंकी। जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण घातक होता जा रहा है। मंगलवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ), हैदरगढ़ तहसील के राजस्व निरीक्षक समेत 31 लोग और संक्रमित पाए गए तो एक पीड़ित की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। त्रिवेदीगंज क्षेत्र के रहने वाले 58 वर्षीय व्यक्ति को परिवारीजनों ने लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 26 जुलाई को भर्ती कराया था। जांच में कोरोना की पुष्टि के बाद 27 जुलाई को मौत हो गई।
जिले में संक्रमित मिले लोगों में हिन्द अस्पताल के नौ कर्मचारी भी शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद पॉजिटिव पाए गए सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विकास भवन, हैदरगढ़ तहसील व बड़ागांव सीएचसी को दो दिन के लिए सील कराकर सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी के पॉजिटिव मिलने के बाद विकास भवन को सील कर दिया गया। राजस्व निरीक्षक के संक्रमित मिलने के बाद हैदरगढ़ तहसील को भी दो दिन के लिए बंद कर सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। इसके अलावा जिले के प्रमुख कोविड अस्पताल हिंद के नौ कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
हिंद अस्पताल से पीजी का कोर्स कर रहा एक छात्र भी संक्रमण की चपेट में आ गया है। क्लासेज बंद होने की वजह से इसकी सूचना परिवारीजनों को भेजी गई है। शहर की मुनेश्वर विहार कालोनी का एक व्यक्ति भी संक्रमितों में शामिल है। इसके अलावा सिरौलीगौसपुर तहसील के किंतूर में एक व्यक्ति और संक्रमण की चपेट में आ गया। सभी को अस्पताल में भर्ती कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।