बाराबंकी। कोरोना से संक्रमित एक और व्यापारी की जान चली गई। हैदरगढ़ के सराफा व्यापारी की मौत के बाद उसके परिवार के 12 लोगों को होम क्वारंटीन कराने के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपलिंग करा रही है। इसके अलावा जिले में 17 और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित मिले लोगों के इलाके को सील कर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। मालूम हो कि बृहस्पतिवार को लखनऊ में उपचार के दौरान कोरोना संक्रमित शहर के एक व्यापारी की मौत हो गई थी।
जिले में शुक्रवार को कोरोना से मौत हैदरगढ़ में हुई। कस्बे के कोठी वार्ड निवासी सराफा व्यापारी सतीश अग्रवाल (61) ने लखनऊ में इलाज के दौरान तम तोड़ दिया। पिछले दिनों से बुखार आने के बाद गुरुवार को सांस लेने में दिक्कत होने पर सतीश को उनके परिवारीजनों ने लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों द्वारा कराई गई कोरोना जांच में सतीश पॉजिटिव पाए गए। अस्पताल में भर्ती सतीश की शुक्रवार भोर मौत हो गई। दोपहर बाद कस्बे में शव का अंतिम संस्कार कराया गया था। इसके साथ परिवार के 12 लोगों को होम क्वारंटीन कराते हुए वार्ड की सीमाओं को सील कर दिया गया। एसडीएम हैदरगढ़ योगेन्द्र कुमार ने बताया कि कोरोना से सराफा व्यापारी की मौत हुई है। परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की जा रही है। हैदरगढ़ सीएचसी अधीक्षक डॉ. अविचल ने बताया कि कस्बे के ठाकुरद्वारा वार्ड का रहने वाला एक व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस व्यक्ति ने अपनी जांच लखनऊ में कराई थी। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। वार्ड की सीमाओं को सील करा दिया गया है।
जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार दोपहर बाद आई जांच रिपोर्ट में सदर (नवाबगंज) तहसील का एक कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। तहसीलदार विश्वामित्र ने बताया कि राजस्व कर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए तहसील को दो दिन के लिए सील कर दिया गया है। तहसील कार्यालय के साथ परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। इसके अलावा लखपेड़ाबाग के रहने वाले और शहर के एक कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं।
हिंद अस्पताल का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद युवक की तलाश की जा रही है। इसके अलावा देवा के मामापुर में दो, कटाईया में एक, तकाजीपुर में एक, अल्लापुर पासीपुरवा में एक, बरवानगर में दो, त्रिवेदीगंज क्षेत्र के खैराकनकू में एक, गांव मेंपूरेेदेवीदास में एक तथा मियां का पुरवा में दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके संपर्क में आए करीब 125 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है। इस तरह से शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में 17 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं।
मसौली थाने का एक दरोगा भी आया चपेट में
देररात आई जांच रिपोर्ट के अनुसार मसौली थानें में तैनात एक दरोगा भी कोरोना की चपेट में आ गया है। इसके अलावा भनौली के चार, अद्रा गांव के चार, हैदरगढ़ रसूलपुर के दो, चमरही का एक, पूरे चौबे का एक, सतरिख के गार्गी बिटौली का एक और जहांगीराबाद का एक तथा बड़ेल का एक युवक कोरोना पाजिटिव पाया गया था। जिस पर सभी को उपचार के लिए रात में ही अस्पताल में भर्ती कराते हुए गावं की सीमाओं को सील करा दिया गया था।