बाराबंकी। घरों के बिजली मीटर की चेकिंग के बहाने ठगी करने तीन लोगों को हैदरगढ़ पुलिस ने दबोचा है। इनके कब्जे से विद्युत मीटर, मोबाइल फोन, मशीन व साढ़े आठ हजार रुपये बरामद हुए हैं।
एसपी डा. अरविंद चतुर्वेदी ने पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को अभियुक्तों के बारे में जानकारी दी। बताया कि हैदरगढ़ क्षेत्र में पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अभियुक्त रिषभ तिवारी, हरिकेष गिरि व शिवम सिंह के रूप में हुई। तीनों ऐसे घरों को निशाना बनाते थे, जहां दिन में केवल महिलाएं रहती थीं। मीटर चेकिंग के नाम पर तीनों घर पहुंचते और ऑनलाइन सब्सिडी का लालच देकर आधार कार्ड व बैंक खाते की डिटेल लेकर थम्ब इम्प्रेशन मशीन पर अंगूठा लगवा लेते थे। उसके बाद मोबाइल पर पहले से ही डाउनलोड स्पाइस मनी एप के माध्यम से उनके खाते से पहले दो से तीन सौ रुपये निकालकर बैलेंस चेक कर लेते थे। उसके बाद एक दिन में अधिकतम 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर लेते थे।
एसपी ने बताया कि दो दिन पहले हैदरगढ़ क्षेत्र के अमिलहरा मजरे बारा निवासी धनराजा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 14 जुलाई को मोटर साइकिल से तीन लोग विद्युत मीटर चेक करने के बहाने और आधार कार्ड लेकर एक मशीन पर अंगूठा लगवा लिया। उसके बाद उसके बैंक आफ इंडिया के खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए। मगर, खाते से रुपये निकालने का मैसेज बेटे दीपक के मोबाइल नंबर पर आने से धोखाधड़ी का पता चला। इस केस की छानबीन के दौरान अभियुक्त रिषभ तिवारी, हरिकेष गिरि व शिवम सिंह को गिरफ्तार किया गया।
विदेश से लौटने के बाद धोखाधड़ी में लगाया दिमाग
मीटर चेकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने में गिरफ्तार रायबरेली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र निवासी रिषभ तिवारी व शिवम एक जनसेवा केंद्र चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक हरिकेष गिरि कुछ समय पहले तक मॉरीसस में नौकरी करता था। लॉकडाउन के दौरान वह लोनीकटरा थाना क्षेत्र के सोनिकपुर गांव स्थित अपने घर आया था। तीनों ने मिलकर धोखाधड़ी का यह तरीका निकाला और लोगों को ठगने लगे।