सतरिख (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र खानपुर गांव में सोमवार सुबह एक किशोरी का शव फंदे से लटकता मिला। परिजन इसे आत्महत्या बता रहे हैं लेकिन इसका कोई कारण स्पष्ट नहीं कर सके।
पुलिस चौकी मोहदीनपुर क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रज्जन की पुत्री शालिनी (17) का शव घर के अंदर सोमवार सुबह पंखे के हुक में दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला। शालिनी के पिता ने बताया कि वह रात में अपनी मां व छोटी बहन सलोनी के साथ सोई थी। सुबह करीब पांच बजे उसकी मां शौच के लिए गई। वापस आई तो शालिनी का शव फंदे से लटकता मिला। मृतका पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर थी। थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के आधार पर तय होगी। फिलहाल परिजनों ने इस मामले में पुलिस को कोई भी तहरीर नहीं दी है।