बाराबंकी। जिला कारागार के गेट के सामने शुक्रवार की सुबह संदिग्ध हालात में एक मजदूर का शव पड़ा मिला। उसके मुंह से खून निकला था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त ढकौली निवासी दिनेश मिश्र (50) के रूप में हुई। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र में देवा मार्ग पर जिला कारागार है। इसके मुख्य गेट से करीब दो-तीन मीटर की दूरी पर शुक्रवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के ढकौली निवासी दिनेश मिश्र का शव मिला। सूचना पर पहुुंचे मृतक के भतीजे आनंद मिश्र ने बताया कि हमेशा की तरह उनका चाचा मजदूरी करने शहर आया था। रात को वापस नहीं लौटा। जिसकी तलाश ही की जा रही थी कि तभी पता चला की जेल के गेट पर एक शव पड़ा है।
उसके मुंह से खून निकला था और गले में एक गमछा पड़ा था। जिसके चलते गमछे से मजदूर का गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस बाबत एएसपी उत्तरी आरएस गौतम ने बताया कि कारागार के बाहरी गेट के पास एक अधेड़ का शव मिला था। जिसका पोस्टमार्टम कराया गया।
चोट आदि के कोई निशान न मिलने से हत्या करने जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है। विसरा सुरक्षित कर जांच को भेजा जाएगा। ऐसे में हार्टअटैक से मौत होने की बात लग रही है। उधर, जेल अधीक्षक हरिबक्श सिंह ने बताया कि एक शव रेलवे व कारागार की बाउंड्री गेट के सामने मिलने की जानकारी सुबह मिली थी। वह जेल नहीं आया था और न ही जेल गेट पर मिला है।