पुलिस लाइन ग्राउंड में हवाई हमले के दौरान लगी आग ।
- फोटो : पुलिस लाइन ग्राउंड में हवाई हमले के दौरान लगी आग ।
बाराबंकी। शहर में स्थित पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में शाम छह बजे अचानक हवाई हमला हुआ। मैदान में एक झोपड़ी में आग लग गई। वहां मौजूद सैकड़ो लोग भागते हुए जमीन पर लेट गए। ठीक इसी वक्त सायरन गूंज उठे और पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। इस अंधेरे के बीच परेड ग्राउंड में एक के बाद एक फायर बिग्रेड, एंबुलेंस, पुलिस व सेना व बम डिस्पोजल स्क्वॉड की गाड़ियां दाखिल हुईं। सबसे पहले आग पर काबू पाया। इसी दौरान घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जाने लगा।
हालांकि, यह कोई वास्तविक हमला नहीं था, बल्कि आपातकालीन हालात और हवाई हमले से निपटने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी। परेड ग्राउंड पर इस मॉक ड्रिल की अगुवाई डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने स्वयं की। इस दौरान घायलों का चिकित्सकों ने इलाज करने के दौरान उनको सावधानियों से अवगत कराया। साढ़े छह बजे बिजली आ गई, लेकिन परेड ग्राउंड में करीब दो घंटे तक गहमागहमी रही। ऑल क्लीयर का संकेत देने वाला सायरन बजा तो सभी सामान्य मुद्रा में आए। डीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया कि हमने यह परखा कि आपातकाल या हवाई हमले जैसी स्थिति में प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और स्वास्थ्य सेवाएं कितनी तेजी और आपसी समन्वय के साथ काम कर सकती हैं। इस मौके पर एडीएम निरंकार सिंह, सीएमओ डॉ. अवधेश यादव, रेडक्रॉस के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अनीता प्रताप सिंह, एसडीएम आनंद तिवारी, सीओ संगम कुमार, सीओ यातायात आलोक पाठक समेत सेना के अधिकारी शामिल हुए।