फार्म हाउस में लूटपाट के बाद रोती बिलखतीं खुशी वर्मा। -संवाद
रामनगर (बाराबंकी)। रामनगर के जुरौंडा गांव के पास प्राॅपर्टी डीलर के फार्म हाउस में बुधवार रात असलहे व डंडों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। प्राॅपर्टी डीलर व उनके नौकर को डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद प्राॅपर्टी डीलर की पत्नी को असलहे के निशाने पर लेते हुए तीन लाख की नकदी समेत लाखों के जेवर लूट लिए।
यही नहीं, जाते वक्त फार्म हाउस मालिक की कार में ही सारा सामान रखा व गेट उड़ाते हुए भाग निकले। घायलों को केजीएमयू में भर्ती कराया गया है।
मूलरूप से बस्ती के वाल्टरगंज क्षेत्र के पोखर भिटवा गांव निवासी बाबूलाल वर्मा (38) दिल्ली में सपरिवार रहकर प्राॅपर्टी डीलिंग का काम करते थे। पांच-छह साल पहले उन्होंने जुरौंडा में जमीन लेकर फार्म हाउस बनाया और आयुर्वेदिक व विदेशी प्रजाति के पौधों की खेती करने लगे।
साथ में पत्नी खुशी वर्मा भी रहती हैं, जबकि बिहार के बांका जिला निवासी अजय व कुमुद बतौर नौकर इनके साथ रहते हैं। बेटी दिल्ली में पढ़ती है। बाबूलाल की पत्नी खुशी के अनुसार रात करीब दो बजे चार नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस की बाड़ फांदकर अंदर पहुंचे। मकान के बाहर चारपाई पर सो रहे नौकर अजय को बंधक बनाकर पीटने लगे। उसके साथ सो रहा कुमुद जान बचाकर भागा व कहीं छिप गया।
चीख सुनकर जैसे ही बाबूलाल व इनकी पत्नी ने दरवाजा खोला तो बदमाशों ने बाबूलाल पर डंडों से हमला कर खुशी को असलहे के निशाने पर ले लिया। इसके बाद अलमारी में रखी तीन लाख की नकदी व लाखों के जेवर बटोर लिए। बाबूलाल व अजय को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
जाते वक्त बदमाशों ने बाबूलाल की कार की चाभी हथिया ली और उन्हीं की कार में सवार होने के बाद गेट तोड़ते हुए भाग निकले। पुलिस ने आसपास की सड़कों पर नाकेबंदी कर दी। गंभीर रूप से घायल बाबूलाल व नौकर अजय को जिला अस्पताल लाया गया जहां से रात में ही दोनों को केजीएमयू रेफर कर दिया गया। बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।