ससुरालीजनों ने विवाहिता को मायके से डेढ़ लाख रुपये मंगाने को कहा। मना करने पर सबने मिलकर पहले जमकर पीटा फिर गला कसकर मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद ससुरालीजनों ने विवाहिता के भाई को तबियत खराब होने की जानकारी दी और मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में मृतका के भाई समेत पूरा परिवार पहुंचा तो देखा तो उसके शरीर पर चोट व गले में फंदे का निशान था।
मृतका के भाई ने थाने पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जमीना निवासी चंद्र प्रकाश वर्मा ने अपनी पुत्री रेखा वर्मा का विवाह 17 फरवरी 2014 को रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम डीह मजरे अशोकपुर चाचू सरांय निवासी हरिशंकर वर्मा के पुत्र बाल गोविंद के साथ किया था।
शादी में कम दहेज लाने के लिए ससुरालीजन उसे आए दिन प्रताड़ित किया करते थे जिसके चलते कई बार रेखा को मारपीट कर घर से भी भगा दिया था और दहेज के बाकी डेढ़ लाख रुपये लेकर ही दोबारा घर में घुसने की बात कही थी। रिश्तेदारों की मदद से उसे एक माह पूर्व ससुराल भेजा गया था। मृतका के भाई आनंद कुमार का आरोप है कि बृहस्पतिवार शाक को उसके पति बाल गोविंद, ससुर हरिशंकर, जेठ अरविंद कुुमार, जेठानी व सास ने उसे मायके से डेढ़ लाख लाने को कहा।
रेखा ने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर उसको जमकर पीटा और गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मायके वालों को तबियत खराब होने की सूचना देकर सभी मौके से फरार हो गये। आनन-फानन में मृतका के भाई समेत पूरा परिवार पहुंचा तो देखा तो उसका शरीर कई जगह पिटाई के व गले में फंदा कसने का निशान था।
जबकि रेखा का शव जमीन पर पड़ा था। मृतका के भाई आनंद कुमार वर्मा ने रामनगर थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आनंद ने पुलिस को पति बाल गोविंद, ससुर हरिशंकर, जेठ अरविंद कुुमार, जेठानी व सास के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एक साल भी वैवाहिक जीवन नहीं जी सकी बिटिया
मृतका के पिता चंद्र प्रकाश वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल था। उसके मुंह से बस बिटिया के लिए आह निकल रही थी। डेढ़ लाख रुपये का इंतजाम न कर पाने का मलाल चंद्र प्रकाश व रेखा के भाई आनंद को खाए जा रहा था। मौके पर मौजूद रिश्तेदार दोनों पिता-पुत्रों को ढांढस बंधाया। चंद्र प्रकाश बस यही कह रहा था मेरी बिटिका एक साल भी वैवाहिक जीवन नहीं जी सकी दरिंदों ने बेरहमी के साथ मेरी बेटी को मार डाला।
मृतका केे भाई आनंद वर्मा ने पति बाल गोविंद, ससुर हरिशंकर, जेठ अरविंद कुुमार, जेठानी व सास के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
- पंकज सिंह, थानाध्यक्ष रामनगर