प्रदेश के ग्राम्य विकास राज्यमंत्री अरविंद सिंह गोप के सिविल लाइंस स्थित आवास के सामने सोमवार देर शाम बाइक सवार दो युवकों पर हाकी से हमला कर दिया गया।
इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि अन्य फरार हो गए।
शहर में विजयनगर निवासी शरद मिश्रा (22) व रजत (21) सोमवार शाम बाइक से छाया चौराहे की ओर जा रहे थे। रास्ते में सिविल लाइंस स्थित मंत्री अरविंद सिंह गोप के आवास के सामने तीन बाइक पर सवार चार युवकों ने शरद व रजत को रोककर हाकी व बेल्टों से हमला कर दिया।
मंत्री आवास के बाहर मारपीट होने की सूचना पर कोतवाल पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मारपीट कर रहे एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। अन्य फरार हो गए।
पीड़ितों का आरोप है कि उनके मोहल्ले के अनुपम, शुभम, राजकुमार, विजय आदि ने बिना हमला किया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल शरद को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।