सफदरगंज, बदोसरांय व सतरिख थाना क्षेत्र में एक सिपाही के घर व व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष के पेट्रोल पंप समेत तीन जगह से चोरों ने लगभग पांच लाख का सामान पार कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
सतरिख थाना क्षेत्र में स्थित हांसेमऊ गांव इन दिनों चोरों के निशाने पर है। एक सप्ताह पूर्व जहां गांव मेें एक घर से लाखों की चोरी हुई थी वहीं शुक्रवार रात भी एक घर में नकब लगाकर घुसे चोर करीब दो लाख का सामान चुरा ले गए। पीड़ित अंजनी कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि वारदात के समय उसकी पत्नी घर में अकेली थी और इसी का फायदा उठाकर घर में नकब लगाकर पहुंचे चोर कमरे में बक्से का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये के जेवर व सामान चुरा ले गए। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
वहीं कस्बा सफदरगंज निवासी थाने के सिपाही घनश्याम वर्मा के घर शुक्रवार रात दरवाजे का ताला तोड़कर घुसे चोर कमरे में रखी एलसीडी, इनवर्टर व बड़ी बैट्री चुरा ले गए। हालांकि सिपाही ने इसकी शिकायत थाने में नहीं की है। मगर थाने से चंद कदम की दूरी पर ही स्थित सिपाही के घर में हुई चोरी ने पुलिस सक्रियता की पोल खोलकर रख दी है। वहीं बदोसराय कस्बा स्थित व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन के पेट्रोल पंप पर लगे करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोलर पैनल बृहस्पतिवार रात चोरी हो गए। कोतवाल संजय यादव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।