बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के सिरौलीगुंग गांव में मंगलवार की दोपहर आग लग गई। इस अग्निकांड में घर के अंदर मौजूद एक विवाहिता की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की बात कही जा रही है। वहीं सुबेहा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में बेटी को बचाने में एक अधेड़ की जलकर मौत हो गई।
बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के सिरौलीगुंग गांव निवासी सोनम सिंह (27) पत्नी राजन सिंह की मंगलवार को आग की चपेट में आकर जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मंगलवार की दोपहर सोनम सिंह अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रही थी तभी यहां शार्ट सर्किट से आग लग गई। कमरे से धुुंआ निकलता हुआ ग्रामीणों ने देखा तो इस बारे में विवाहिता के ससुरालीजनों को बताया।
जिसके बाद ग्रामीणों ने छत पर जाकर कमरे का दरवाजा तोड़ा व आग बुझाया लेकिन तब तक उसमें जलकर विवाहिता की मौत हो चुकी थी। विवाहिता का करीब डेढ़ साल पहले विवाह हुआ था और उसके कोई संतान नहीं थी। कोतवाल श्याम नरायन पांडेय, सीओ उमाशंकर सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुधाकर पांडेय आदि ने घटना स्थल पर जाकर जांच की।
बेटी को आग से बचाने में गई पिता की जान
सोमवार की शाम को सुबेहा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में आग से झुलस कर घायल अधेड़ प्रमोद की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई है। हैदरगढ़ कस्बा के मोहल्ला पूरे मित्तई के मूल निवासी प्रमोद कई वर्ष से मोहम्मदपुर गांव स्थित ससुराल में पत्नी व बच्चों के साथ रहा था। सोमवार की शाम को आठ वर्षीय पुत्री के खाना बनाते समय से चूल्हे की भड़की आग से बचाने के दौरान गिरकर झुलस गया था। घायल अवस्था में पत्नी सुमन के साथ सीएचसी लाए जाने पर कोतवाली के एसआई धर्मेंद्र मिश्रा ने उसका बयान दर्ज किया था।जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था जहां उसकी मौत हो गई है।