कल्याणी नदी में सोमवार सुबह युवक-युवती का शव मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों शवों की पहचान कोतवाली क्षेत्र के ही अमरगंज गांव युवक व युवती के रूप में हुई है। क्षेत्र के अमरगंज गांव निवासी दुर्गा दीपक (23) पुत्र दुर्गा प्रसाद शनिवार रात अचानक गायब हो गया था।
रविवार सुबह दीपक का लाइब्रेरी कार्ड एवं चप्पल पहरूपुर कल्याणी नदी के पुल पर पाया गए थे जिससे लोगों द्वारा आशंका जताई थी कि लड़के ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली है। जिसके बाद दीपक को नदी में खोजने के लिए गोताखोरों ने रविवार को नदी में कई घंटे प्रयास किया था लेकिन उसका पता नहीं चल पाया था।
सोमवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने पुल से करीब ढाई सौ मीटर दूर नदी में पड़ी एक झाड़ी में शवों को फंसा देख सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने जब दोनों शवों को बाहर निकाला तो उनमें से एक लाश दीपक की थी जबकि दूसरा शव इसी गांव निवासी रमेश यादव की पुत्री राधा का निकला।
इन दोनों के एक-एक हाथ एक दूसरे से दुपट्टे से बंधे हुए थे जिससे इस बात की पुष्टि हुई कि दोनों ने एक साथ कूदकर आत्महत्या की है। बताते है कि दीपक बीए का छात्र था व घर से गायब होने के बाद उसके परिवारीजन काफी परेशान थे। इस कोतवाली प्रभारी बृजेश तिवारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जायेगी।