रामसनेहीघाट व देवा कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोठी थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी रामअवतार(40) पुत्र रामनरेश शनिवार की देर रात अपनी बाइक से फैजाबाद की ओर जा रहे थे। तभी रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में कोटवा सड़क कस्बे के पास हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में रामअवतार की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने जब इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी तो पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। हादसे के बाद मृतक के परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के परिवारीजनों व रिश्तेदारों की भीड़ लगी रही। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र सिंह सेंगर का कहना है कि जिस वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है उसका पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं देवा कोतवाली के अंतर्गत उर्दनपुर मजरे सिसवारा निवासी विवेक पुत्र बाबूराम लखनऊ में टेल्को के पास होटल चलाते थे। शनिवार रात विवेक एवं शिवपाल निवासी उर्दनपुर मजरे सिसवारा व थाना कुर्सी के दारापुर निवासी अनिल तीनों बाइक से देवा मेला देखने आ रहे थे। माती नहर पुलिया पर एक ट्रक और मोटरसाइकिल भिड़ गई जिसमें विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। शिवपाल व अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। शिवपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।