शहर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर शुक्रवार दोपहर ठेकेदार से बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब तीन लाख रुपये लूटकर लखनऊ की ओर भाग गए। पीड़ित ने आननफानन वारदात की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट होने के बाद पुलिस ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई।
घंटो बैंक में बैठकर सीसीटीवी फुटेज देखते रहे बाद में कोई नतीजा नहीं निकला। इस दौरान करीब ढाई घंटे बैंक का कामकाज भी प्रभावित रहा। दो अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ गोरपुर निवासी महाजन कांस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार मनीष कुमार शुक्रवार की दोपहर अपने साथी बाग बहादुर सिंह को उधार रुपये देने के लिए शहर कोतवाली के निकट यूनियन बैंक आफॅ इंडिया से 3.06 लाख रुपये निकाले थे। उसके बाद मनीष ने अपने खाते में 15 हजार रुपये वापस जमा कर दिया और बाकी के 2.90 लाख रुपये व मोबाइल बैग में रखकर सीएमओ कार्यालय के पास बाग बहादुर सिंह की खड़ी कार की ओर दोनों चल दिए।
दोनों ठेकेदारों को साथ ही लखनऊ निकलना था। जैसे ही दोनों बीच सड़क पर बने डिवाइडर को पार कर कार की ओर बढ़े कि काली पल्सर सवार दो बदमाश तेज रफ्तार से निकले और मनीष कुमार के हाथ से नोटों से भरा बैग लूटकर लखनऊ की ओर फरार हो गए।
पीड़ित ने तुरंत जाकर कोतवाली में मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक कुवंर ज्ञानंजय सिह, कोतवाली बीपी यादव व सीओ सिटी विशाल विक्रम सिंह के साथ बैंक में कई घंटे तक छानबीन की लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। पुलिस ने इस मामले में दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
अमेठी में फायर स्टेशन का मिला था ठेका
अमेठी जनपद में फायर स्टेशन का निर्माण मनीष कुमार व बाग बहादुर सिंह अपनी कंपनी महाजन कांस्ट्रक्शन फर्म से कराने का ठेका ले रखा था। किसी काम के लिए जौनपुर निवासी ठेकेदार बाग बहादुर सिंह को तीन लाख रुपये की जरूरत थी जो वह मनीष से लेने आया था।
12:40 बजे दोनों बैंक से रुपये लेकर अपनी कार की ओर निकले थे। 12:44 बजे बाइक सवार बदमाशों ने मनीष के हाथ से बैग लूटा और फरार हो गए। उसके बाद पुलिस ने आकर छानबीन शुरू कर दिया। जिससे 2:30 बजे तक बैंक का कार्य प्रभावित रहा।
बैंक के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने ठेकेदार से 2.90 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए हैं। दो अज्ञात के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी