लखनऊ की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो(एनसीबी) की टीम ने बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे जिला अस्पताल में छापेमारी कर वहां से दो तस्करों को धर दबोचा। टीम को चकमा देकर एक तस्कर भाग निकला है। पकड़े गए तस्करों के पास से तीन किलो हेरोइन बरामद हुई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। एनसीबी की इस कार्रवाई की भनक कोवताली पुलिस को भी नहीं लग सकी। छापेमारी के दौरान अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा।
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे लखनऊ की एनसीबी टीम ने छापेमारी की। एनसीबी की टीम ने यहां अस्पताल मेें हड्डी रोग विभाग के वार्ड से दो तस्करों को धर दबोचा। इस दौरान इन तस्करों का एक साथी एनसीबी टीम को चकमा देकर भाग निकला। पकड़े गए तस्करों की जमकर पिटाई करने के बाद एनसीबी टीम ने उन्हें वाहन में बैठाया और लखनऊ की ओर लेकर निकल गई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने बहुत ही सटीक जानकारी पर जिला अस्पताल में छापा मारा है क्योंकि वार्ड में मौजूद तीमारदारों और मरीजों ने बताया कि टीम के चार लोग करीब दो घंटे पहले से वार्ड के अंदर बाहर घूम रहे थे। तीन तस्करों के पहुंचने के बाद भी उनको तुरंत गिरफ्तार नहीं किया गया। करीब आधे घंटे तक किसी और इंतजार होता रहा। इसी बीच एक तस्कर चुपके से निकल गया।
इसके बाद बाकी दो को टीम ने दबोच लिया। टीम को तस्करोें के पास से दो झोले मिले हैं। जिनमें तीन किलो हेरोइन बरामद होने की बात कही जा रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार लखनऊ की एनसीबी टीम के हत्थे चढ़े दोनों तस्करोें के पास से करीब तीन किलो ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब तीन करोड़ रुपये है। इस बारे में जिले के अधिकारियों को भी भनक नहीं लग सकी है। अफसराें का कहना है कि सारी जानकारी लखनऊ से ही मिल सकेगी।