पकड़े गए आरोपी ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं।
शहर में कोऑपरेटिव बैंक में हुई वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस विभाग के विश्वस्त सूत्रों की मानें तो पकड़े गए बदमाशों में एक बैंककर्मी भी शामिल है। इन बदमाशों को लखनऊ जिले के गोसाईगंज क्षेत्र से पकड़ा गया है।
हालांकि पुलिस अधिकारी अभी इस बात का खुलासा नहीं कर रहे हैं। बदमाशों की पूछताछ में पता लगा है कि वारदात के पहले बैंक के गार्डों व बदमाशों के बीच जमकर भिड़ंत भी हुई थी। बैंक में जब लुटेरे दाखिल हुए थे तो गार्डों ने उन्हेें देख लिया था जिसके बाद बदमाशों ने गार्डों पर हमला बोला था।
पकड़े गए बदमाशों को पुलिस ने ग्रामीण इलाके के एक थाने में रखा है और वहीं पर उनसे पूछताछ की जा रही है। बताते चलें कि शहर कोतवाली क्षेत्र मेें फैजाबाद हाईवे पर नाका सतरिख के पास सुभाष नगर में जिला कोऑपरेटिव बैंक की मुख्य शाखा है।
4 अप्रैल की देर रात यहां पहुंचे बदमाशोें ने ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान ओमप्रकाश वर्मा(42) निवासी ग्राम मीरापुर थाना सफदरगंज व देशराज(30) निवासी ग्राम डमौरा मजरे बबुरिहा थाना सफदरगंज की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर बैंक के स्ट्रांग रूम को तोड़ने का प्रयास किया था।
पकड़े गए बदमाशों को पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र के एक थाने में रखा है जहां पर बुधवार को पहुंचे एसपी अब्दुल हमीद ने भी इन लुटेरों से पूछताछ की है। पुलिस अधिकारी यह बात कह रहे हैं कि वारदात के खुलासे की जल्द ही उम्मीद है लेकिन किसी भी अपराधी को गिरफ्तार करने की बात से इंकार किया जा रहा है।