फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला जज व एसपी आवास से चंदन के पेड़ चोरी, तीन सिपाही निलंबित

Wed, 26 Oct 2016 11:39 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
सुरक्षा में तैनात सशस्त्र पुलिस बल की मौजूदगी में जिला जज व एसपी आवास से बेखौफ चोर चार चंदन के पेड़ काटकर उठा ले गए।  इस मामले में एसपी ने यहां सुरक्षा में तैनात रहे तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। कोतवाली में अज्ञात चोराें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन


तीन दिन पहले कचहरी परिसर से चंदन के पेड़ों को चोरी से काटने की वारदात को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया होता शायद एसपी और जिला जज के बंगले पर चोरी की वारदात टलने के साथ ही पुलिस अपनी ही फजीहत से बच जाती।

शहर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर स्थित जिला जज आवास परिसर में लगे चंदन के तीन पेड़ मंगलवार की देर रात चोरी से काट लिए गए। बुधवार की सुबह जब इस बात की जानकारी हुई तो यहां तैनात पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पर पहुंचे सीओ सिटी श्रीपाल यादव, कोतवाल बीपी यादव ने जांच  की लेकिन किसी आरोपी का पता नहीं लग सका है।
विज्ञापन


वहीं एसपी आवास पर भी लगा एक चंदन का पेड़ चोरी से काट लिया गया है। दो दिन पूर्व काटे गए इस पेड़ को चोरी होने की जानकारी बुधवार को हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल की। हालांकि एसपी आवास से चंदन का पेड़ चोरी होने की बात से पुलिस अधिकारी इन्कार कर रहे है।

जिला जज आवास से पेड़ चोरी के मामले में पुलिस ने अज्ञात चोराें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं जिजा जज आवास से चंदन के तीन पेड़ चोरी होने के मामले में एसपी ने यहां तैनात रहे तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है। साथ ही डीजे आवास पर पुलिस की नई गारद तैनात करने के निर्देश कप्तान ने दिए है। निलंबित किए गए पुलिस कर्मियों में अजय सिंह, मनीष पांडेय व विपिन शामिल है।

हाई सिक्योरिटी में चोरी से खुली पुलिंसिग की पोल
शहर में जिला जज व एसपी आवास के आस पास हर समय हाई सिक्योरिटी पुलिस की तैनाती रहती है। यह इलाका शहर का सबसे वीआईपी इलाका माना जाता है और यहां हर समय पुलिस का सख्त पहरा रहता है उसके बावजूद इन जगहों से हुई चोरी ने पुलिसिंग की पोल खोल कर रख दिया है।

बीते दिनों कचहरी परिसर से भी डीजे कार्यालय परिसर में लगे चंदन के तीन पेड़ चोरी से काट लिए गए थे। उसके बाद फिर डीजे आवास पर चंदन के पेड़ चोरी होने की बात किसी को हजम नहीं हो रही है। पुलिस भी इस बात को मान रही है कि इस काम में कोई ऐसा व्यक्ति शामिल है जिसे यहां पर हर बात की जानकारी है। अब जो भी है वह सब पुलिस की जांच पड़ताल के बाद ही पता लग सकेगा। 

एसपी ने कसे पुलिस कर्मियों के पेच
शहर में वीआईपी इलाके मेें आए दिन हो रही चोरी की वारदातोें से नाराज एसपी राजू बाबू सिंह ने बुधवार की सुबह शहर कोतवाल व समस्त चौकी प्रभारियों को अपने आवास पर बुलाकर उनकी बैठक की। एसपी ने सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि चोरी के मामलोें पर अंकुश लगाने के साथ अपराधी पकडे़ जाएं। कार्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियोें को एसपी ने कार्रवाई की भी चेतावनी दी है। 


जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
जिला जज आवास परिसर में लगे चंदन के तीन पेड़ चोरी से काटने के मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मेरे आवास से चंदन का पेड़ चोरी नहीं हुआ है पेड़ टूट कर गिर गया था। चोरों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है, जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।
विज्ञापन

-राजू बाबू सिंह, एसपी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें