रामनगर क्षेत्र में सक्रिय चोर शुक्रवार रात दो घरों से नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब दो लाख रुपये कीमत का सामान समेट ले गए। पीड़ित परिवारीजनों ने शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर सूचना पुलिस को दी।
नगर पंचायत रामनगर के लखरौरा मोहल्ला निवासी रविशंकर मौर्या के घर में शुक्रवार रात दाखिल हुए चोर अलमारी और बक्शे का ताला तोड़ डाला। उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के पांच सिक्के, 18 हजार रुपये सहित लगभग दो लाख की संपत्ति चोर उठा ले गए।
कुछ ही दूर स्थित छंगा गौतम के घर में घुसे चोर कमरे में बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी पार कर दी। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने स्थानीय थाने में सूचना दी। पुलिस के कुछ देर बाद घटनास्थल का जायजा लिया। एसओ राजीव कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।