फतेहपुर क्षेत्र के मझगंवा शरीफ में उर्स का मेला चल रहा है। शनिवार की सुबह मेला परिसर से कुछ दूर तालाब में एक युवक का शव पाया गया है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है। मृतक हरदोई जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में पुलिस से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की गई है।
हरदोई जिले के गोधनिया मजरे हेमराज थाना मंजिला का रहने वाला अन्नूलाल (40) पुत्र भग्गा अपनी पत्नी सरला देवी के साथ बृहस्पतिवार को फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के मंझगवां शरीफ गांव स्थित उर्स मेले में आया था। शुक्रवार की सुबह से अन्नूलाल अचानक लापता हो गया।
शनिवार की सुबह मेला परिसर से कुछ दूर तालाब के किनारे अन्नूलाल का शव पानी में उतराता हुआ देखा गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
मृतक के बाएं कान से खून बह रहा था। पत्नी का कहना है कि अन्नूलाल को मिर्गी की बीमारी थी इसी के चलते वह पानी में डूब गए हैं। कोतवाल मोहन वर्मा का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का कारण पता लग सकेगा।