डीएम अजय यादव व कमिश्नर फैजाबाद एसपी मिश्रा के मोबाइल पर एक युवक ने मैसेज भेज ठेकेदारी का काम देने या फिर नतीजा भुगतने की धमकी दी है। दोनों अफसरों के पास इस तरह के मैसेज पहुंचते ही हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पर पुलिस ने मैसेज भेजने वाले की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मोबाइल की कई दुकानोें पर छापेमारी भी की लेकिन अभी तक ऐसे किसी युवक का पता नहीं लग सका है। एसपी का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
डीएम अजय यादव व कमिश्नर फैजाबाद एसपी मिश्रा के सीयूजी मोबाइल नंबर पर एक युवक द्वारा धमकी भरे मैसेज भेजे गए हैं। मैसेज भेजने वाले ने डीएम व कमिश्नर से ठेकेदारी से संबंधित काम देने की बात कही है और ऐसा न करने पर अफसरों के साथ कुछ गलत करने की धमकी दी है। एसपी के अनुसार मैसेज भेजने वाले युवक ने डीएम व कमिश्नर से फोन पर अपशब्द भी कहे हैं। मामले की जानकारी के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने फोन नंबर को सर्विलांस के जरिये ट्रैस करने का प्रयास किया लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। बताते हैं कि मैसेज भेजने के बाद युवक ने फोन बंद कर लिया है। पुलिस ने मोबाइल की कई दुकानों पर छापेमारी कर सिम बेंचने व खरीदने वालों की जांच भी शुरू की है। शनिवार देर रात तक पुलिस की यह कार्रवाई जारी है।