सख्त हिदायत के बाद पारिजात परिसर में वन क्षेत्राधिकारी ने फिर आग लगा कर सफाई करवा दिया। इससे नाराज एसडीएम ने सूचना के बाद मौके का निरीक्षण किया। एसडीएम ने कहा कि इससे पारिजात वृक्ष को नुकसान पहुंचा है। रेंजर के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी व डीएफओ को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
एसडीएम की सख्त हिदायत के बावजूद वन क्षेत्राधिकारी ने 27 अप्रैल को दोबारा पारिजात परिसर में आग लगवा कर सफाई करवा दी। बरौलिया के ग्राम प्रधान राम प्रसाद वर्मा व भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष निसार मेंहदी ने एसडीएम गरिमा स्वरूप को मोबाइल से इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची एसडीएम ने निरीक्षण में पाया कि पारिजात वृक्ष के उत्तरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। कहा कि सफाई का यह तरीका सही नहीं है। तहसीलदार संतोष राय ने बाबा राम मिलन दास व अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज किये। जानकारी के मुताबिक रंगाई पुताई व सफाई के लिए धन भी आया है।
एसडीएम ने बताया की यह देश का महत्वपूर्ण वृक्ष है। इसके लिए लापरवाही करना ठीक नहीं है। चेतावनी के बाद यह दूसरी घटना है। रेंजर के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।